महरौली इलाके में केन्याई युवती के पांचवीं मंजिल से कूदने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मजिस्ट्रेट को दिए बयान में पीड़िता ने खुलासा किया है कि उसके साथ कई बार सामूहिक दुष्कर्म हुआ।
वेश्यावृत्ति के लिए उसके ऊपर दबाव डाला जा रहा था और प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने दर्ज एफआईआर में सामूहिक दुष्कर्म की धारा जोड़कर एक नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि केन्या की युवती हिवांगी (26, बदला हुआ नाम) को केन्या की युवती एलाईसे नजोकी और कुछ नाइजीरियन युवकों ने मकान नंबर 191, खासरा नंबर 114/2 राजपुरखुर्द विस्तार, महरौली में बंधक बनाकर रखा था। नजोकी केन्या में हिवांगी की पड़ोस में रहती थी। वह हिवांगी को नई दिल्ली स्थित चाइना एंबेसी में ऊंचे पद पर नौकरी दिलाने के बहाने भारत ले आई थी।
बंधक बनाकर वेश्यावृत्ति के लिए बनाया गया दबाव
रेप
- फोटो : डेमो फोटो
यहां उसे बंधक बनाकर रखा गया था। उस पर वेश्यावृत्ति का दबाव डाला जा रहा था। 17 जुलाई को देर रात हिवांगी ने भागने का प्रयास किया। तभी घर से बाहर गए आरोपी वहां आ गए, जिस कारण खुद को बचाने के लिए वह पांचवीं मंजिल से कूद गई।
इसी दौरान महरौली थाना पुलिस भी हिवांगी को ढूंढते हुए घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पुलिस ने हिवांगी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसके कई ऑपरेशन हुए। महरौली थाना पुलिस ने उस समय कई धाराओं में मामला दर्ज कर केन्याई युवती नजोकी को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिवांगी के हाल ही में कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान हुए। बयानों में युवती ने कहा कि उसके साथ कई बार गैंगरेप हुआ।
पुलिस ने एफआईआर में गैंगरेप की धारा जोड़कर रविवार को नाइजीरियन युवक कासिडी (28) को गिरफ्तार कर लिया। वह घटना के बाद से फरार था। कासिडी दो वर्ष से भारत में रह रहा है। पुलिस उसके पासपोर्ट व वीजा की जांच कर रही है।
पीड़िता के बारे में पुलिस को ऐसे मिली जानकारी
पुलिस
- फोटो : file photo
हिवांगी ने खुद को बंधक बनाकर रखे जाने की सूचना किसी तरह केन्या में अपने अभिभावकों को दी। अभिभावकों ने केन्या में रहने वाले एक भारतीय व्यवसायी को पूरी बात बताई।
भारतीय व्यवसायी ने महरौली इलाके में रहने वाले एक दोस्त को इसकी जानकारी देकर पुलिस से हिवांगी को मुक्त कराने के लिए कहा। केन्या एंबेसी को भी इसकी सूचना दी गई। केन्याई एंबेसी के राजनीतिक परामर्शदाता फेडरिक नडेगवा ने भी महरौली थाने में शिकायत दी।
महरौली थाना पुलिस 17 जुलाई की रात करीब एक बजे मोबाइल लोकेशन के आधार पर हिवांगी की तलाश कर रही थी।उस समय घर से बाहर गए नाइजीरियन युवक लौट आए थे। उन्होंने हिवांगी को मारने का प्रयास किया, तो वह पांचवीं मंजिल से नीचे कूद गई।