ज्योति नगर इलाके में एक नाबालिग ने दोस्त के साथ मिलकर चाचा के पांच लाख रुपये उड़ा कर लूट की साजिश रच डाली। लेकिन पुलिस ने जांच कर तीन घंटे में ही उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया। पुलिस ने दोनों को पकड़कर रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि स्पोर्ट्स बाइक और महंगे कपड़े खरीदने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद एजाज सपरिवार नंदनगरी इलाके में रहता है। लोनी इलाके में उसकी तांबे की स्क्रैप फैक्टरी है। उसका 17 साल का भतीजा काम में हाथ बटाता है। शनिवार दोपहर एजाज ने भतीजे को पांच लाख रुपये देकर घर पर रखने के लिए भेजा। वह स्कूटी से घर के लिए रवाना हुआ।
करीब 12 बजे भतीजे ने बताया कि लोनी गोल चक्कर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे रुपये लूटकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही एसीपी सुबोध कुमार गोस्वामी, उप निरीक्षक अखिलेश, एएसआई रामगोपाल, हवलदार नरेश और सिपाही संजीव, अरविंद और योगेश के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।