राजधानी में सुप्रीम कोर्ट की पाबंदी के बाद भी पटाखों की बिक्री जारी है। शनिवार को मंडावली थाना पुलिस ने जूता कारोबारी के यहां छापा मारकर 72 किग्रा पटाखे बरामद किए। कारोबारी जूते बेचने की आड़ में पटाखे बेच रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कारोबारी मनमोहन को दबोच लिया। कारोबारी का कहना है कि उसने पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस लिया था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट की पाबंदी के बाद उस पर रोक लग गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को उनकी टीम को सूचना मिली थी कि 28/4 सेंट्रल मार्केट मेन रोड मंडावली में जूता कारोबारी मनमोहन जूते ही आड़ में पटाखे बेच रहा है।
अनारबम, फुलझड़ी व अन्य तरह के पटाखे बरामद हुए
सूचना के बाद एक टीम तैयार कर दोपहर के समय दुकान पर रेड की गई। मनमोहन से पूछताछ की जाने लगी तो वह सकपका गया। पुलिस टीम ने तलाशी ली तो दुकान के अंदर से 72 किलोग्राम विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए, जिनमें पटाखे, अनारबम, फुलझड़ी व अन्य तरह के पटाखे बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी पटाखों के बारे में संतोषजनक जवाब नही दे पाया। पूछताछ के दौरान मनमोहन ने बताया कि उसने दीपावली पर पटाखे बेचने के लिए अस्थायी लाइसेंस लिया था। इसकी वजह से उसने पटाखे खरीदे हुए थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट की पाबंदी के बाद भी वह पटाखे बेचता रहा। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।