भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के असिस्टेंट कमांडेंट की नीली बत्ती लगी हुई कार शनिवार रात हेरिटेज क्लब के बाहर से चोरी हो गई। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कमांडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास छानबीन की लेकिन कार का पता नही चल सका। उन्होंने कासना कोतवाली में तहरीर दी है। मालूम हो कि इससे पहले नोएडा से आईटीबीपी के आईजी की नीली बत्ती लगी सफारी कार चोरी हो गई थी।
मूलरूप से आजमगढ़ के रहने वाले सूर्य कुमार मौर्य लखनावली स्थित आईटीबीपी की 39वीं बटालियन में असिस्टेंट कमांडेंट हैं। शनिवार की शाम वह अपनी सफेद रंग की मारुति-800 कार में सवार होकर हेरिटेज क्लब में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह कार को हेरिटेज गोल के गेट के बाहर खड़ी करके कार्यक्रम में चले गए।
उनके साथ चालक भी था। समारोह में शामिल होने के एक घंटा बाद कमांडेंट और चालक वापस लौटे तो देखा कि कार गायब थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीसीआर मौके पर पहुंची। घटना स्थल के आसपास काफी जांच पड़ताल की गई लेकिन कार नही मिली। रविवार की सुबह सूर्य कुमार ने कासना कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कार की तलाश की जा रही है।