उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने सट्टा लगाने वाले डिम्पी हांसी गिरोह का पर्दाफाश कर दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की दबिश के समय गिरोह सरगना सुनील उर्फ डिम्पी अन्य साथियों के साथ फरार होने में कामयाब हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार लाख 44 हजार 450 रुपये, दो लाइन बॉक्स, तीन लैपटॉप, तीन एलईडी, 44 मोबाइल आदि सामान बरामद किया है। उत्तर-पश्चिमी जिला डीसीपी विजय सिंह के अनुसार पुलिस को आठ मई को सूचना मिली थी कि रानीबाग के एक घर में आईपीएल पर सट्टा चल रहा है।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने घर नंबर-12, महाराणा प्रताप एंक्लेव, रानी बाग के पास दबिश दी तो वहां सट्टा चल रहा था। पुलिस टीम ने दो आरोपी प्रवीण खुराना उर्फ सोनू और अमित जैन को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनो, लोगों को फोन पर आईपीएल का रेट बता रहे थे। ये गिरोह सरगना सुनील उर्फ हांसी के संरक्षण में चल रहा था। उसे दोस्तों के बीच डिम्पी के नाम से जाना जाता था।
सुनील हांसी, हरियाणा का रहने वाला है और कुछ महीने पहले साथियों के साथ हांसी, हरियाणा में सट्टा गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। पुलिस की दबिश के समय सुनील गैंगस्टर जितेन्द्र उर्फ हैप्पी के साथ घर में मौजूद था। जितेन्द्र के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, वसूली और आर्म्स एक्ट आदि के मामले दर्ज हैं।
आरोपियों ने घर के सामने सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे ताकि आने-जाने वालों पर नजर रखी जा सके। गिरफ्तार प्रवीण खुराना, ऋषि नागर दिल्ली और अमित जैन देहली गेट हांसी, हरियाणा का रहने वाला है। ये गिरोह पहले रोहतक, हरियाणा में चलता था। आईपीएल के नौ सीजन में ये रैकेट रोहतक से दिल्ली आ गया था। रानी बाग के जिस घर में ये रैकेट चल रहा था उस घर का ये लोग डेढ़ लाख रुपये किराया देते थे।