मंगोलपुरी इलाके में सोमवार शाम एक मिनी ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 11 साल का बच्चा सड़क पर गिर गया। ट्रक बच्चे को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने दबोचकर उसकी जमकर धुनाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसे में बच्चे की मां को मामूली चोट लगी है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बच्चे की शिनाख्त ध्रुव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ध्रुव परिजनों के साथ सरस्वती विहार इलाके में रहता था।
गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक की जमकर की पिटाई
accident
- फोटो : graphic
उसके पिता अनिल (39) का रोहिणी में कार के कलपुर्जे की दुकान है। ध्रुव रोहिणी स्थित एक पब्लिक स्कूल में छठवीं कक्षा में पढ़ता था। सोमवार शाम ध्रुव को लेकर उसकी मां निशा ट्यूशन जा रही थी।
परवाना रोड के पास सामने से आ रहे एक मिनी ट्रक ने निशा की स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ध्रुव सड़क पर गिर गया। उसके बाद ट्रक उसे बीस मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को दबोचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ध्रुव के शव को कब्जे में कर लिया और आरोपी चालक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। राजेश मूलत: बिहार के सहरसा का रहने वाला है।