राजधानी दिल्ली में एक बार फिर रोडरेज का ऐसा मामला सामने आया है जो ये साफ करता है कि लोगों में छोटी-छोटी बातों को लेकर गुस्सा कितना ज्यादा है।
बता दें कि दिल्ली की सड़क पर एक भारतीय वायुसेना के अधिकारी को पीटने का मामला सामने आया है। यह घटना तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हुआ।
जानकारी के अनुसार वायुसेना के अधिकारी की बाइक आरोपियों की कार में टच हो गई थी जिसके बाद उन्होंने अधिकारी का पीछा कर उसकी पिटाई की। इस मामले में संगम विहार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार ये घटना 20 अप्रैल की है।
An IAF man IN UNIFORM being beaten badly by some 'goons'. No 1 interfered!
Location: NCR.
IAF investigating d Incident.@NewsX @nitingokhale pic.twitter.com/I3OT3e43gI
— Ashish Singh (@AshishSinghNews) April 21, 2017
वायुसेना के अधिकारी को पीटा
- फोटो : सोशल मीडिया
एफआईआऱ के अनुसार कार्पोरल सुजय कुमार सिकंदर अपनी बाइक से ऑफिस जा रहे थे। उसी वक्त उनकी बाइक से एक कार जरा सी टच हो गई। यह टच इतना बड़ा नहीं था जिसपर कोई बवाल हो इसलिए वह आगे बढ़ गए।
लेकिन, उन्होंने जिस टक्कर को छोटा समझा था उसे उन कार वालों ने बड़ा बना लिया। उनका पीछा करते हुए वो लोग एमबी रोड पर बत्रा सिनेमा के आगे उन्हें अपनी कार के जरिए जबरन रोक दिया।
उसके बाद कार में से दो लोग निकले और वायुसेना अधिकारी पर टूट पड़े। पहले तो आरोपियों ने उन्हें मार-मारकर उनकी वर्दी फाड़ दी और फिर कई थप्पड़ भी मारे। इसके बाद पीछे से एक अन्य सेंट्रो कार पहुंच गई।
उसमें से निकले लोग भी अधिकारी को पीटने लगे और बाद में उनका आई-कार्ड और वाहन का कागज छीन कर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
उनमें से दूध का कारोबारी नितिन गुप्ता, स्टोर कीपर इसा और बाउंसर का काम करने वाला नीरज शामिल हैं। तीनों के पास से एयरफोर्स अधिकारी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। उनकी कारें भी पुलिस ने सीज कर ली है।