विकासपुरी इलाके में बुधवार देर रात कहासुनी के बाद बाइक सवार ने अपने परिचितों के साथ मिलकर एक डॉक्टर की लाठी-डंडों व हॉकी स्टिक से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में डॉक्टर का जीजा भी घायल हो गया।
विकासपुरी थाना पुलिस ने हत्या व हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर नौ लोगों को पकड़ा है, जिसमें से चार नाबालिग, जबकि एक आरोपी महिला है। मुख्य आरोपी नासिर ई-रिक्शा चलाता है।
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर पंकज नारंग (40) सपरिवार न्यू कृष्णा पार्क विकासपुरी में रहते थे। परिवार में पत्नी डॉक्टर उपमा नारंग, बेटा आदित्य और मां हैं। पंकज डेंटिस्ट थे और पत्नी के साथ तिलक नगर में क्लीनिक चलाते थे। बुधवार रात नोएडा सेक्टर-30 निवासी उनका जीजा विकास सेठी अपनेे परिवार के साथ पंकज के घर आए थे।
रात करीब 12 बजे पंकज का बेटा आदित्य और विकास का बेटा रचित बरामदे पर क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान बॉल बाहर चली गई। आदित्य व रचित बाहर गली में आकर बॉल की तलाश करने लगे। पंकज और विकास भी बाहर आ गए।
इसी दौरान जेजे कॉलोनी विकासपुरी निवासी नासिर और उसके दोस्त हरीश गली में तेज रफ्तार से बाइक चलाकर निकलने लगे। तेज रफ्तार बाइक को पंकज ने रुकने का इशारा किया।
नासिर के बाइक रोकने पर पंकज ने उसे गली में बाइक धीरे चलाने के लिए कहा। इससे नाराज नासिर, पंकज व विकास को गाली देने लगा और देख लेने की धमकी देकर चला गया।
कुछ देर बाद नासिर अपनी मां मयस्सर और आठ दस लोगों के साथ हॉकी स्टिक, लाठी डंडा और बेसबॉल का बैट लेकर वहां पहुंचा। उन लोगों ने पंकज और विकास को बाहर ही दबोच लिया और उनकी पिटाई कर दी और फरार हो गए।
पंकज और विकास को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें चानन देवी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई। मौकेे पर पहुंची पुलिस ने विकास के बेटे के बयान पर हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर नौ लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों में चार नाबालिग हैं, जबकि अन्य लोगों में मुख्य आरोपी नासिर, उसकी मां मयस्सर, आमिर, गोपाल और आमिर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक अन्य आरोपियो की तलाश जा रही है।