अवैध संबंधों के चलते एसजीएम नगर निवासी क्रेशर कर्मचारी अरुण (30 वर्ष) की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता उसकी पत्नी सुषमा ही निकली।
आरोपियों ने उसके कहने पर ही अरुण की हत्या की थी।
पुलिस ने शनिवार को सुषमा को गिरफ्तार कर लिया। इसमें हत्या करने वाले एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक पाली क्रेशर जोन में ड्यूटी पर गए अरुण 11 सितंबर को अचानक लापता हो गए थे।
पत्नी सुषमा ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट एसजीएम नगर थाने में 13 सितंबर को दर्ज कराई। पुलिस जांच में पता चला कि अरुण के हरदोई निवासी रिश्तेदार राजेश की संदिग्ध भूमिका है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को हरदोई में छापेमारी कर राजेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उसने एक साथी के साथ अरुण की हत्या करना कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि सुषमा ने उनसे कहा था कि उसका पति उसकी जिंदगी में कांटा बना हुआ है।
उसे निकाल दो। उसके कहने पर आरोपियों ने पहले अरुण को शराब पिलाई। फिर चाकू घोंपकर हत्या के बाद अरुण का शव सूरजकुंड रोड पर झाडिय़ों में फेंक दिया।