ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र की सीनियर सिटीजन सोसायटी में एक पादरी के फ्लैट पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया।
पीड़ित दो साल बाद फ्लैट पर पहुंचा और उसने मकान में रहने वाले लोगों से बात करनी चाही, लेकिन उन लोगों ने पादरी के साथ अभद्रता की और फ्लैट से निकलने से भी इंकार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।
जानकारी के मुताबिक आर डिसूजा के डी ब्लॉक में दो फ्लैट हैं। वह काफी दिन बाद ग्रेटर नोएडा अपने फ्लैट पर पहुंचे तो एक मकान का ताला टूटा हुआ था और दरवाजे पर किसी और व्यक्ति की नेम प्लेट लगी हुई थी।
यह देखकर पादरी दंग रह गए और उन्होंने फ्लैट के अंदर रहने वाले लोगों से जांच पड़ताल की तो उन्होंने बताया कि यह फ्लैट उन्हीं का है। पादरी ने कहा कि जिस फ्लैट में वह लोग रह रहे हैं, वह उनका है।
इसलिए फ्लैट को एक सप्ताह में खाली कर दें, लेकिन कब्जा करने वाले लोगों ने खाली करने से इंकार कर दिया। पादरी ने सोसायटी की आरडब्ल्यूए को कागज आदि दिखाते हुए घटना की जानकारी पुलिस को भी दी।
सीओ अनुराग सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है और फ्लैट पर कब्जा करने की जांच करा रहे हैं। दोषी पाए जाने पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।