दिल्ली के मानसरोवर पार्क इलाके में एयर होस्टेस का कोर्स कर रही युवती की ताबड़तोड़ चाकू से वारकर हत्या करने के मामले में दिल्ली पुलिस की सूचना पर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी व उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है।
इनकी पहचान मुख्य आरोपी आदिल उर्फ मुन्ने खान (25) और मौरिस रोड चौक, जापान हाउस कॉलोनी, अलीगढ़ निवासी जुनैद (20) के रूप में हुई है। पकड़ा गया नाबालिग भी अलीगढ़ का रहने वाला है। आदिल ने दावा किया है कि उसकी रिया से पिछले तीन सालों से दोस्ती थी। अब रिया उसे नजरअंदाज कर रही थी, जिसकी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी आदिल ने बताया कि जुनैद व नाबालिग उसके रिश्तेदार हैं। रिया के बारे में जब उसने दोनों को बताया कि इन लोगों ने बताया कि रिया उसको धोखा दे रही है। इधर आदिल ने रिया को किसी अन्य युवक के साथ भी देख लिया था। रिया की हत्या की योजना बनाई गई। हत्या से दो पूर्व आदिल, जुनैद व नाबालिग अलीगढ़ से दिल्ली आ गए। यहां आदिल ने दोनों को रिया की रैकी करने के लिए कहा। दो दिन तक आरोपी रिया की रैकी करते रहे।
इधर बुधवार को रिया जैसे ही घर से बाहर निकली, दोनों ने सूचना दे दी। आदिल चंद ही मिनटों में रिया के पास पहुंच गया। उसने रिया से बातचीत करने के बाद अपना दिया हुआ मोबाइल वापस मांगा, मना करने पर आरोपी ने चाकू से कई वार किए, बाद में वह अपने मोबाइल जो उसने रिया को तोहफे में दिया था, लेकर फरार हो गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि तीन साल पहले उसकी रिया से दोस्ती हुई थी। आदिल वैन से स्कूल के बच्चों को लाता और ले जाता था। रिया के घर के पास एक बच्चा उसकी वैन में जाता था। इसी वजह से उसकी रिया से दोस्ती हुई। दोनों अक्सर बातचीत करने लगे। बातचीत के बाद आदिल को लगने लगा कि रिया भी उससे प्यार करने लगी है।
आदिल ने रिया को महंगा एंड्रायड फोन खरीदकर दिया। लेकिन दोनों की दोस्ती का रिया के माता-पिता व भाई को पता चल गया। परिजनों ने इसका विरोध किया। रिया ने आदिल से दूरी बनाई तो वह उसे धमकाने लगा। परेशान होकर रिया ने एमएस पार्क थाने मे उसकी शिकायत की। लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।