दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने होशियारपुर, पंजाब में मनी चेंजर की हत्या करने वाले बीएसएफ के सिपाही को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से स्वचालित पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए हैं।
कोर्ट ने आरोपी सिपाही को भगोड़ा घोषित कर दिया था। वह पिछले चार वर्ष से फरार था। दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस को सूचना दे दी है। अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार गांव बसी किकरावाला, होशियारपुर निवासी राजेंद्र सिंह मनी चेंजर और ब्याज पर पैसे देने का काम करता था।
दो अज्ञात लोगों ने गांव में ही उसकी 19 जुलाई, 2012 को गोली मारकर हत्या कर दी थी। पंजाब पुलिस को जांच में पता लगा था कि बीएसएफ का सिपाही सुनील उर्फ लीला पहलवान ने वारदात को अंजाम दिया है।