मयूर विहार इलाके में गार्ड को बंधक बना सेंट्रल बैंक एटीएम में लूटपाट का प्रयास का मामला सामने आया है। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों के पहुंच जाने की वजह से बदमाश वारदात को अंजाम नहीं दे पाए।
पीछा करने पर बदमाशों ने एएसआई पर गोली चला दी। एएसआई ने खुद को बचाया। जांच में खुलासा हुआ है कि होंडा कार सवार पांच बदमाश घटना को अंजाम देने आए थे।
फिलहाल पांडव नगर थाना पुलिस बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के साथ साथ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एएसआई सतवीर सिंह पांडव नगर थाना में तैनात है। बृहस्पतिवार रात 8 बजे से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक उसकी ड्यूटी थी। रात में वह सिपाही रचीन के साथ बाइक पर गश्त कर रहा था।
करीब दो बजे वह गश्त करता हुआ आचार्य निकेतन मार्केट पहुंचा। उसने सेंट्रल बैंक के एटीएम के सामने एक काली रंग की होंडा सिटी कार खड़ी देखी। उसमें दो युवक संदिग्ध हालत में बैठे थे।
पुलिसकर्मियों ने युवकों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान युवक के मोबाइल पर फोन आया। युवक ने फोन पर बताया कि पुलिसकर्मी उनकी कार की तलाशी ले रहे हैं कुछ देर में वह घर पहुंच जाएगा।
कुछ ही पल बाद दूसरे युवक के मोबाइल की घंटी बजी। उस युवक ने पहले वाले युवक को फोन देकर कहा कि भैया भाभी का फोन है। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एटीएम से तीन युवकों को निकलकर भागते देखा।
पुलिसकर्मी उन तीनों युवक को पकडने के लिए दौड़े। एक युवक के हाथ में एक बॉक्स जैसा सामान था। पीछा करने पर युवक बॉक्स फेंककर भागा। वहीं दूसरे युवक ने पीछा कर रहे एएसआई पर गोली चला दी।
एएसआई ने कार की आड़ लेकर अपना बचाव किया। पुलिसकर्मियों ने युवकों का पीछा किया लेकिन सभी गली में भाग गये। वापस आने पर कार सवार युवक भी मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिसकर्मी एटीएम पर पहुंचे। जहां एटीएम का गार्ड कोटला गांव निवासी राकेश पाल मिला। एटीएम में एक बैग पड़ा था। जिसमें कुछ औजार रखे थे। एटीएम टूटा हुआ था। राकेश ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाश उसको बंधक बनाकर एटीएम को तोड़कर रुपये लूटने का प्रयास कर रहे थे।
एक फोन आने पर सभी युवक मशीन में लगे यूपीएस को लेकर भाग गए। पुलिस ने सड़क पर फेंके गए यूपीएस और औजार का बैग बरामद कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।