कनॉट प्लेस से ले जाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी को आरोपी पूर्वी दिल्ली स्थित अपने ममेरे भाई के घर ले गया और दुष्कर्म किया। किशोरी ने कनॉट प्लेस थाना पुलिस से शिकायत की तो मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया।
मेडिकल जांच में किशोरी से दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी रामा (बदला नाम) (उम्र 17 वर्ष 11 माह) पूर्वी दिल्ली में रहती है। वह 5 जनवरी को घर से रूठकर गुरुद्वारा बंगला साहिब आ गई थी।
यहां उसकी मुलाकात पीलीभीत, यूपी निवासी परमादीप से हुई। दोनों में दोस्ती हो गई। परमादीप ने अपने मामा के लड़के बबलू को बुलाया और गाड़ी से रामा को पूर्वी दिल्ली स्थित उसके कमरे में ले गया।
यहां परमादीप ने किशोरी से दुष्कर्म किया। वह छह जनवरी को रामा को गाड़ी से गुरुद्वारा बंगला साहिब और इंडिया गेट घुमाने ले गया। वह दोबारा किशोरी को ममेरे भाई के घर ले जाना चाहता था, पर उसने मना कर दिया।
दोनों में झगड़ा हुआ तो वह किशोरी को गुरुद्वारा बंगला साहब छोड़ गया। यहां से किशोरी कनॉट प्लेस थाने पहुंच गई। पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी परमादीप व बबलू को 8 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया। बबलू दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। परमादीप कुछ दिन पहले ही यूपी से दिल्ली आया था।