कामकाजी दंपति की आठ साल की बच्ची को अकेला पा कर पड़ोस में रहने वाले युवक ने हवस का शिकार बना डाला। बच्ची के रोने पर युवक ने उसकी गर्दन पर छुरी रख दी और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार की शिकायत पर महिला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शहर की एक कॉलोनी में रहने वाले पति-पत्नी नौकरी करते हैं। दंपति की आठ वर्षीय बच्ची दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल से घर लौटती है। शाम को दंपति के लौटने तक बच्ची घर पर अकेली रहती है। शनिवार शाम ड्यूटी खत्म होने के बाद मां पहले घर पहुंची। उसने बेटी का व्यवहार बदला हुआ पाया, वह सहमी हुई थी और ठीक से बात नहीं कर रही थी। इस पर मां ने बेटी को सुरक्षा का अहसास दिलाते हुए प्यार से पूछताछ की तो उसने रोते हुए आपबीती मां को सुनाई।
उसने बताया कि दोपहर स्कूल से आने के बाद वह खाना खाकर सो रही थी। इस दौरान कमरे में पड़ोस में रहने वाला आकाश आ गया। उसने बच्ची को निर्वस्त्र कर अश्लील हरकत की तो वह रोने लगी। इस पर आकाश ने गले पर चाकू रख दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बुरी तरह डरी बच्ची और जोर से रोने लगी। आकाश ने उसे धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। मामले की जांच कर रही महिला थाने की एसआई अल्पना ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।