लखनऊ के बाद धौलाना से हैवानियत की खबर है। धौलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात एक बजे डकैती के बाद महिला से गैंगरेप किया गया। करीब दर्जन भर डकैत परिवार को बंधक बनाकर महिला को खेत में उठा ले गए, जहां तीन बदमाशों ने तीन घंटे तक रेप किया।
रविवार तड़के ग्रामीणों को वारदात का पता चला। महिला घर से करीब 50 मीटर की दूरी खेत में बेहोश और अर्धनग्न हालत में पड़ी मिली। महिला की एक माह पहले ही डिलीवरी हुई थी।
इस वारदात से पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। दूसरी तरफ, पुलिस मामले को दबाने में जुटी है। पुलिस ने मामला डकैती की बजाय लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है और मेडिकल में रेप की पुष्टि से इनकार कर रही है।
पीड़ित परिवार फर्नीचर का काम करता है। पीड़ितों ने बताया कि 12 बदमाशों ने मकान पर धावा बोला। महिला के पति और देवर बाहर से सो रहे थे। दोनों को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर घर में दाखिल हुए।
आंगन में सो रही महिला (22), उसकी बहन (14) और सास को भी बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया। इस दौरान बदमाशों ने 20 हजार रुपये और करीब 80 हजार कीमत के जेवर लूट लिए।
जाते समय बदमाश महिला को उठाकर ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने सास, बहन, पति और देवर को बेरहमी से पीटकर कमरे में बंद कर दिया। महिला के मुताबिक, तीन बदमाशों ने उसके साथ तीन घंटे तक रेप किया।
पीड़ितों ने बताया कि सुबह करीब चार बजे सहरी के लिए मस्जिद में ऐलान होने पर गांव में जगार हुई। पीड़ित के मकान से शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बंधनमुक्त कराया।
तलाश करने पर महिला मकान से कुछ दूर ज्वार के खेत में बेहोश और अर्धनग्न हालत में पड़ी मिली। महिला के पति का कहना है कि पुलिस ने अपनी मर्जी से तहरीर लिखवाई।
...तो इसलिए नहीं हुई रेप की पुष्टि
सीएचसी प्रभारी डा.वीएस सोढ़ी का कहना है कि जब महिला की डिलीवरी होती है तो कम से कम 40 दिन बच्चेदानी को नार्मल होने में लगते हैं। ऐसे में यदि महिला के साथ गैंगरेप जैसी जघन्य घटना हुई है तो भी इसकी पुष्टि करना बहुत मुश्किल है। क्योंकि पीड़िता की 29 दिन पूर्व ही डिलीवरी हुई है, ऐसे में स्लाइड को जांच के लिए भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट आने पर पुलिस को सौंप दी जाएगी।
पीड़ित परिवार के मुखिया ने जो लिखकर दिया है, उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वैसे भी मेडिकल में रेप की पुष्टि नहीं हुई है। एक महिला उप निरीक्षक पीड़िता का बयान लेने के लिए घर पर भेजी गयी है। अगर वह अपने बयान में रेप की बात कहेगी तो, रेप की धारा भी लगा दी जाएगी। -सुधीर कुमार सिंह ,अपर पुलिस अधीक्षक