नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार शाम चलती कार में दिल्ली की छात्रा के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मंगलवार को चारों आरोपी युवकों को पकड़कर जेल भेज दिया है।
वहीं पीड़िता को मेडिकल कराने के लिए भी भेजा गया है। पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, दिल्ली निवासी 19 वर्षीय छात्रा एक कॉलेज में पढ़ती है। उसकी पहचान दिल्ली के मोती बाग, शास्त्री मार्केट निवासी यूनुस से थी।
सोमवार शाम को यूनुस ने छात्रा से कहीं घुमाकर लाने की बात कही। विश्वास में लेने के लिए उसने छात्रा की छोटी बहन (13 वर्ष) को भी साथ ले चलने के लिए कहा। यूनुस ने अपने साथियों इरफान, कालू और बंटी को भी साथ लेकर कार से शाम छह बजे निकले।
शाम करीब सात बजे परी चौक पहुंचने के बाद आरोपी छात्रों ने युवती की बहन को कार से उतार दिया। इसके बाद युवती को लेकर आरोपी कार में तेल डलवाने गए।
आरोपियों ने तुगलपुर बाजार में स्थित पेट्रोल पंप से तेल डलवाया। इसके बाद युवती को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर घुमाते रहे। जहां पर बारी-बारी से आरोपियों ने चलती कार में दुष्कर्म किया।
परी चौक पुलिस के पास पहुंची पीड़िता
पुलिस
- फोटो : file photo
करीब सवा घंटे तक दरिंदगी की घटना को अंजाम देते रहे। वारदात के बाद छात्रा को बहन के पास उतारकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित छात्रा परी चौक पुलिस के पास पहुंची।
जानकारी मिलने के बाद अलर्ट हुई पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। छानबीन के बाद चारों आरोपियों मोतीबाग निवासी कालू, इमरान, बंटी व यूनुस को दबोच लिया। उनके खिलाफ गैंगरेप और साजिश में मामला दर्जकर जेल भेज दिया।
बता दें कि बुलंदशहर में भी कुछ दिन पहले मां-बेटी के साथ गैंगरेप जैसी घटना हो चुकी है। पुलिस की सक्रियता के बाद भी नोएडा के सबसे सुरक्षित और सीसीटीवी से लैस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने कार बरामद की
छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है। वहीं सुबूत के लिए कपड़ों को भी बरामद किया है। आरोपी युवकों का भी मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने वारदात के समय उपयोग में लाई कार को भी बरामद कर लिया है।
बयानों की हुई वीडियो रिकॉर्डिंग
जांच अधिकारी आरके यादव ने बताया कि महिला पुलिस के सामने छात्रा और उसकी छोटी बहन के बयान लिए गए हैं। बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है।
'सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवकों को जेल भेज दिया गया है।' - धर्मेंद्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक