जेंट्स पार्लर में काम करने वाले मनीष की हत्या उसके ही जिगरी दोस्त संदीप ने की थी। पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के समय संदीप और मनीष की गर्लफ्रेंड्स भी मौजूद थीं।
पुलिस ने उन्हें मामले में गवाह बना लिया है। उधर, संदीप का कहना है कि मनीष ने उसकी गर्लफ्रेंड से बदतमीजी कर दी थी। वह उसकी हत्या नहीं करना चाहता था, गलती से गोली चल गई थी।
याद दिला दें कि 14 जून को दिनदहाडे़ न्यू डिफेंस कालोनी गली नंबर दो में मनीष निवासी गंगाविहार कालोनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली मनीष के सीने में लगी थी। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
गर्लफ्रेंड्स को इंप्रेस करने के लिए लाया तमंचा
पुलिस को 315 और 312 बोर के दो तमंचे बरामद हुए थे। एसओ आरपी शर्मा ने मनीष हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि घटना वाले दिन मृतक मनीष और उसका दोस्त संदीप व दोनों की गर्लफ्रेंड मौके पर थे।
एसओ के मुताबिक संदीप की गर्लफ्रेंड से मनीष ने अभद्रता कर दी, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। संदीप ने आवेश में आकर तमंचे से मनीष पर फायर किया, गोली मिस्ड होने पर दूसरा तमंचा निकालकर सीने में गोली मार दी। दरअसल, वह गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए तमंचा लेकर आया था।
वारदात के बाद गर्लफ्रेंड्स और संदीप फरार हो गए थे। पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर संदीप निवासी न्यू डिफेंस कालोनी को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या करने के बाद चला गया हरिद्वार
वारदात के बाद वह हरिद्वार भाग गया था। बाद में अपनी बहन के घर जाकर रहने लगा था। बता दें कि मनीष और संदीप गहरे दोस्त थे। मनीष भी अपने परिवार में इकलौता था और संदीप भी परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई है।
संदीप के परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। वह 12वीं के बाद से परतापुर रिठानी स्थित निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। संदीप ने बताया कि उसका मकसद मनीष की हत्या करना नहीं था। मनीष के साथ मिलकर उसने गर्लफ्रेंड्स के सामने उनकी सहानुभूति पाने के लिए एक दूसरे पर सिर्फ तमंचे तानने की प्लानिंग बनाई थी।
मगर गलती से ट्रिगर दब गया और मनीष के सीने में गोली जा लगी। संदीप ने बताया कि वह मनीष को अस्पताल ले जाना चाहता था, उसके लिए बाइक लेने गया था लेकिन जब वह वापस पहुंचा तो वहां पुलिस पहुंच चुकी थी। इसलिए वह डरकर हरिद्वार भाग गया।