बल्लभगढ़ में एक ही प्लाट का सौदा कई लोगों को करने के आरोपी को पुलिस अब भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गत दिनों ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में ये मामला सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर के सामने आया था।
मंत्री ने पुलिस आयुक्त से तत्काल कार्रवाई करने और उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। भगत सिंह कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी अरुण कुमार ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि कुलदीप नामक के प्रॉपर्टी कारोबारी ने उन्हें बल्लभगढ़ में एक प्लाट का सौदा 30 लाख रुपए में किया था।
उनका आरोप है कि कुलदीप को 20 लाख रुपए देने के बाद भी वह रजिस्ट्री कराने में आनकानी करने लगा। पड़ताल करने पर पता चला कि आरोपी कुलदीप ने इस प्लाट का सौदा 27 अगस्त 2014 को अशोक कुमार नामक व्यक्ति के नाम कर रखा है।
आरोपी ने अरुण से धोखाधड़ी कर 20 लाख रुपए हड़प लिए और अब वापस पैसे देने को तैयार नहीं है। मंत्री ने जब पुलिस अधिकारी से पूछा तो आरोप सही पाया गया। इस पर उन्होंने पुलिस आयुक्त से आरोपी को भगोड़ा घोषित कर तत्काल गिरफ्तार करने का आदेश दिया है।
पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आरेस्ट ऑफ वारंट जारी कराया जा चुका है। उसके घर पर रेड भी डाली गई थी लेकिन वह पीछे वाले गेट से फरार हो गया।