दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने मेट्रोमोनियल वेबसाइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर तलाकशुदा महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए युवक की पहचान कृष्णा नगर निवासी वरुण पाल (30) के रूप में हुई है। रोहिणी निवासी तलाकशुदा महिला की शिकायत पर उसे पकड़ा गया है।
महिला ने साइबर सेल में युवक पर शादी का झांसा देकर छह लाख रुपये की ठगी करने के आरोप लगाए थे।
वाट्स एप से भी जुड़ा है मामला
आर्थिक अपराध शाखा के उपायुक्त एसडी मिश्रा ने बताया कि महिला ने शिकायत में बताया कि दोबारा शादी करने के लिए उसने जीवन साथी डॉट कॉम पर अपना प्रोफाइल बनाया। इसी साइट पर वरुण पाल का भी प्रोफाइल है।
वरुण ने शादी के लिए उससे संपर्क किया और कुछ ही दिन में दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। वरुण उससे वॉटसअप पर बातचीत करने लगा।
पीड़िता के मुताबिक वरुण ने उसे व्यवसाय में घाटा होने की बात कही और आर्थिक मदद करने को कहा। पीड़िता ने धीरे-धीरे उसे छह लाख रुपये दे दिए।
और फिर उसने ये किया
उसके बाद जब पीड़िता ने उससे शादी करने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि आरोपी ने सारे सिम फर्जी पते पर ले रखे हैं। अंत में तकनीकी जांच के जरिये पुलिस ने वरुण को कृष्णा नगर से गिरफ्तार कर लिया।
प्रोफाइल में लगा रखी थी दूसरे की तस्वीर
पुलिस के मुताबिक आरोपी वरुण ने कई मेट्रोमोनियल साइट पर अलग-अलग नाम से प्रोफाइल बना रखे हैं। प्रोफाइल में उसने दूसरे युवाओं की तस्वीर लगा रखी थी। साथ ही पनी शैक्षणिक योग्यता को बढ़ा-चढ़ाकर लिखा था। वह खुद को आईटी कंपनी में कार्यरत बताता था।
वॉट्स ऐप पर वह महिलाओं को कई मकानों की तस्वीर भेजकर उस परमालिकाना हक होने का दावा करता था। वह देहरादून स्थित मकान का फोटो भेजकर अपना पैतृक मकान होने का दावा करता था।
वह कुछ ही दिनों में महिलाओं से गहरी दोस्ती कर लेता था। महिलाओं को लगता था कि वह उससे शादी करेगा। झांसे में आने के बाद वह महिलाओं से रुपये ऐंठता था।
टेलीविजन पर क्राइम प्रोग्राम देखकर करने लगा ठगी
वरुण पाल टेलीविजन पर चलने वाले क्राइम प्रोग्राम देखकर महिलाओं से ठगी करने लगा। कुछ दिन वह एक न्यूज चैनल में डाटा इंट्री ऑपरेटर के तौर पर भी काम कर चुका है।
कृष्णा नगर के शांति मोहल्ले में रहने वाला वरुण ने श्यामलाल कॉलेज में स्नातक कोर्स दाखिला लिया था लेकिन दूसरे साल में उसने पढ़ाई छोड़ दी। उसके बाद उसने एक साल तक कॉल सेंटर में काम किया।