दक्षिण दिल्ली के आरकेपुरम इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने होलसेल व्यवसायी से चार लाख रुपये से ज्यादा लूट लिए। व्यवसायी व उसके नौकर ने लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने व्यवसायी के सिर में कट्टे का बट मार दिया और नौकर को गोली मार दी।
नौकर के कंधे में छर्रें लगे हैं। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरके पुरम थाना पुलिस ने मामला दर्जकर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। मोती बाग में रहने वाले व्यवसायी बृजेश (31) की आरकेपुरम सेक्टर- 5 के मार्केट में सिगरेट-बीडी की होलसेल की दुकान है।
बृहस्पतिवार रात करीब सवा नौ बजे बृजेश व उसका नौकर अजय दुकान बंद कर गाड़ी के पास जाने लगे। जब वह गाड़ी के पास पहुंचे तभी स्कूटी व बाइक पर तीन बदमाश आए। वे बृजेश के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।
व्यवसायी बृजेश व अजय ने विरोध किया तो एक बदमाश के हाथ में देसी कट्टा था। बदमाश ने कट्टे के बट से बृजेश के सिर में वार कर दिया। इससे बृजेश घायल हो गया। बदमाशों ने अजय को गोली मार दी। छर्रे अजय के कंधे में लगे। इसके बाद बदमाश गोली चलाते हुए फरार हो गए। बदमाश चार लाख रुपये से भरा बैग भी ले गए।
पड़ोसी दुकानदारों ने बृजेश व अजय को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। बदमाशों ने मौके पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस को मौके से एक खोखा मिला है।
आरकेपुरम थाना पुलिस ने मामला दर्जकर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। शुक्रवार शाम तक बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में किसी जानकार का हाथ हो सकता है।