भजनपुरा इलाके में गत मंगलवार को पिता-पुत्र पर गोलियां बरसाने के मामले में एक दुखद पहलू सामने आया है। हमले में तीन गोली लगने से घायल राजन गुप्ता (16) की दोनों टांगें डॉक्टरों को काटनी पड़ी।
गंभीर हालत में राजन कश्मीरी गेट स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। एक गोली अभी भी उसकी कमर में फंसी हुई है। वहीं, हमले के एक सप्ताह बाद पुलिस आरोपियों की पहचान का तो दावा कर रही है, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
राजन की मां सोनम उर्फ लक्ष्मी ने बताया कि 21 जून को उसके पति कैलाश गुप्ता (45) और बेटा राजन बाइक से किसी काम से भजनपुरा मजार के पास गए थे। इसी बीच कार सवार बदमाशों ने कैलाश व राजन पर गोलियां बरसा दीं।
कई प्रतियोगिताओं में पहला स्थान
राजन
- फोटो : अमर उजाला
कैलाश की हमले में मौत हो गई, जबकि राजन के दोनों टांगों और कमर में तीन गोलियां लगीं। राजन को कश्मीरी गेट स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों का कहना था कि टांगों में गोली लगने से राजन की नसें खराब हो गई हैं। ऐसे में उसकी दोनों टांगें काटनी पड़ेगी।
डॉक्टरों ने एक टांग बुधवार, जबकि दूसरी टांग शुक्रवार को काट दी। अभी भी राजन की हालत नाजुक बनी हुई है। सोनम ने बताया कि राजन ने हर्ष विहार के सेंट मार्क स्कूल से इसी साल दसवीं की परीक्षा पास की है। राजन कराटे में ब्लैक बेल्ट है। उसने स्कूल स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में पहला स्थान प्राप्त किया है।
इसी साल फरवरी में उज्जैन में हुई प्रतियोगिता में राजन ने पहला स्थान प्राप्त किया था। पहले पति और अब बेटे की हालत देखकर मां सोनम पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। साल 2015 में भी सोनम के बड़े बेटे की हर्ष विहार में हत्या कर दी गई थी।