शहर में आवारा एवं बेसहारा पशुओं को पकड़ने वाली टीम के साथ मारपीट एवं झगड़ा करने वालों के खिलाफ नगर निगम द्वारा डीएलएफ फेज-2 थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
पुलिस ने नगर निगम के सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार की शिकायत पर गांव नाथूपुर निवासी दो आरोपियों सुंदर डेरीवाला तथा कालू पुत्र महेश के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम आवारा एवं बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए गांव नाथूपुर में कार्य कर रही थी। इस दौरान गांव के 15-20 व्यक्ति लाठी, डंडों, हॉकी, रॉड लेकर पहुंच गए और पशु पकडने वाली टीम में शामिल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे।
पशुओं को भी गाड़ी से उतार लिया
- फोटो : अमर उजाला
इन व्यक्तियों ने पकड़े गए पशुओं को भी गाड़ी से उतार लिया तथा कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। इस झगड़े में सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार, कर्मचारी कर्णसिंह, विजय, नरेश और रामौतार को चोटें लगी तथा गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर निगम द्वारा आवारा पशु पकडने के काम में बाधा डालने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।- वी. उमाशंकर,आयुक्त नगर निगम गुरुग्राम