उत्तर-पूर्वी जिले की एंटी स्नैचिंग एंड रॉबरी सेल ने दो ऐसे बदमाशों को दबोचा है, जो गर्लफ्रेंड की मांगों को पूरा करने व उन्हें घुमाने के लिए स्पोर्ट्स बाइक पर झपटमारी की वारदात को अंजाम देते थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शास्त्री पार्क निवासी वहीद उर्फ नसीम उर्फ अन्ना (22) और परवेज उर्फ दाउद (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच बाइक, दो तमंचे, चार कारतूस व पांच मोबाइल बरामद किए हैं।
दोनों आरोपी झपटमारी, लूटपाट और वाहन चोरी की 400 वारदात में शामिल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने 65 मामले सुलझाने का दावा किया है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि सोमवार को उत्तर-पूर्वी जिले की एंटी स्नैचिंग एंड रॉबरी सेल को सूचना मिली थी कि झपटमार ब्रह्मपुरी पुलिया के पास आने वाले हैं।
परवेज की दो गर्लफ्रेंड
सूचना के बाद एसीपी सीलमपुर शशांक जायसवाल, इंस्पेक्टर ऐशवीर सिंह, हवलदार सुनील व अन्य की टीम ने दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे अपने साथी सलीम और सैफ व अन्य के साथ मिलकर झपटमारी करते थे।
न्यू उस्मानपुर में की थी छेड़छाड़
बदमाशों ने बताया कि इन्होंने पिछले दिनों न्यू उस्मानपुर में एक लड़की से उसके घर के बाहर छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। वारदात में दोनों आरोपियों के अलावा सलीम व सैफ भी शामिल थे।
आरोपी परवेज उर्फ दाउद ने बताया कि उसकी दो गर्लफ्रेंड हैं। उनके महंगे शौक पूरे करने के लिए वह अपने साथी वहीद उर्फ नसीम के साथ मिलकर बाइक पर चेन, पर्स व मोबाइल की झपटमारी करता था। वहीद डेेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है। वहीं परवेज शास्त्री पार्क इलाके में मुर्गा मार्केट में काम करता है।