चांदनी चौक स्थित एक स्क्रैप व्यवसायी के यहां काम करने वाले
कलेक्शन एजेंट ने बहन की शादी के लिए पांच लाख रुपये लूट की झूठी कहानी रच
डाली।
इस काम में उसके साथी ने उसकी मदद की थी। व्यवसायी की शिकायत पर
पुलिस ने मामला दर्ज कर जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने सारी सच्चाई उगल
दी। पुलिस ने आरोपी कलेक्शन एजेंट और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सिंधू पिल्लई के मुताबिक स्क्रैप व्यवसायी
राजेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया था कि मूल रूप से गांव रामपुर,
महामाया नगर (यूपी) निवासी अमित कुमार (23) उसके यहां कलेक्शन एजेंट का काम
करता है।
यह भी पढ़ें: बैंक से धोखाधड़ी में पूर्व चीफ मैनेजर को चार साल कैद
22 अप्रैल को वह पहाड़गंज में पांच लाख रुपये लेने गया था।
रास्ते में लाल किले के पास सेंट्रो कार सवार चार युवकों ने उससे पांच लाख
रुपये, मोबाइल व स्कूटी लूट ली। मामला दर्ज कर कोतवाली थानाध्यक्ष प्रमोद
गुप्ता की टीम ने तफ्तीश शुरू की।
शक होने पर जब पुलिस ने अमित से सख्ती से
पूछताछ की तो उसने बताया कि जुलाई में उसकी बहन की शादी होने वाली है।
इसलिए उसे पैसे की सख्त जरूरत थी।
उसने इंद्रिरापुरी, लोनी (गाजियाबाद)
निवासी अपने दोस्त अजय उर्फ सागर के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।
योजना के मुताबिक घटना वाले दिन अमित ने अजय को बुलाकर उसे पांच लाख रुपये,
मोबाइल और स्कूटी दे दी और इसके बाद अपने मालिक को लूट की सूचना दे दी थी।