पुलिस की अपराध शाखा ने दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने वाले गैंग के सरगना कौसर अली उर्फ कौशर (27) को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। एक बांग्लादेशी नागरिक उसे नकली नोट देता था।
आरोपी के पास से 25 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। सभी नोट पांच सौ रुपये के हैं। कौसर ने बताया कि उसका गैंग दिल्ली-एनसीआर में अब तक 80 लाख रुपये से अधिक के नकली नोट सप्लाई कर चुका है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि तीन सितंबर को पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों-अशोक मंडल उर्फ बबलू, अभिमन्यु उर्फ मन्नू शाह और जावेद को दो लाख रुपये से अधिक के नकली नोटों के साथ दबोचा था।
अभिमन्यु से पूछताछ के बाद पुलिस की टीम मालदा (पश्चिम बंगाल) पहुंची और वहां मेडिकल कॉलेज के पास से गैंग लीडर कौसर को दबोच लिया। उसने बताया कि दोस्त कलाम ने उसकी मुलाकात बांग्लादेशी नागरिक रंजीत से कराई थी। रंजीत उसे 25 कीमत पर नकली नोट उपलब्ध कराता था।
पुलिस के मुताबिक, कौसर ने दिल्ली-एनसीआर में नकली नोटों की सप्लाई शुरू की। 2011 में वह जामिया नगर पुलिस के हत्थे चढ़ा। वह करीब डेढ़ साल जेल में बंद रहा। वहां उसकी मुलाकात ओखला निवासी जावेद से हुई थी। बाद में कौसर ने गैंग में जावेद, अभिमन्यु और अशोक को शामिल कर लिया। पुलिस की मानें तो आरोपियों के पास से अब तक 2,84,600 रुपये के नकली नोट बरामद हो चुके हैं।