जासूसी कांड में पकड़े गए शोएब हसन से पूछताछ में बहुत ही चौंकाने वाले खुलासे सामने आए है। शोएब की कई भाजपा नेताओं के साथ फोटो हैं। इनमें दिल्ली से चुने गए केन्द्रीय मंत्री व राजस्थान से भाजपा के एक सांसद शामिल है। पुलिस ने शोएब के टेबलेट से भाजपा नेताओं के साथ खींचवाई गई फोटो बरामद की है।
शोएब खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताता था। वह भाजपा नेता व कार्यकर्ता बनकर व नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर भाजपा व आरएसएस में अपने पैठ बना रहा था। शोएब 26 जनवरी की परेड देखने गया था। वह वीआईपी मंच के काफी करीब रहा था और परेड व वीआईपी बॉक्स की रिकार्डिंग कर पाक एंबेसी को दी थी।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार शोएब ने खुलासा किया है कि पाक एंबेसी के अधिकारी आरएसएस नेताओं की काफी समय से जानकारी मांग रहे थे। आरएसएस के बड़े नेता कहां रहते हैं, ऑफिस कहां है, कहां आते-जाते हैं, मोबाइल व लैंडलाइन नंबर क्या हैं और ये लोग कब और कहां मिलते हैं आदि जानकारी एकत्रित की जा रही है।
पाक एंबेसी को दी थी लैंडलाइन नंबरों की डायरेक्टरी
शोएब ने बताया कि वह काफी आरएसएस नेताओं की जानकारी पाक एंबेसी को दे चुका है। ऐसा बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निशाने पर आरएसएस के नेता हैं।
शोएब ने ये भी बताया कि उसने रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मोबाइल व लैंडलाइन नंबरों की डायरेक्टरी भी पाक एंबेसी को दी थी। माना जा रहा है कि आईएसआई ने इन नंबरों को सर्विलांस पर लगा रखे थे। इसके अलावा कुछ महीनों पहले जयपुर में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों का सम्मेलन हुआ था।
शोएब ने इस सम्मेलन की रिकार्डिंग कर पाक एंबेसी को दिल्ली आकर दी थी। आरोपी भाजपा कार्यकर्ता जासूसी करने के लिए बना हुआ था। भाजपा नेता बनकर वह हर हाईप्रोफाइल कार्यक्रम में चला जाता था।
इसके अलावा राजस्थान व गुजरात बॉर्डर पर सेना की तैनाती, अधिकरियों की तैनात, कितनी सेना हैं, बॉर्डर पर क्या-क्या तैयारियां है समेत काफी जानकारी शोएब पाक एंबेसी को दे चुका है।