लूटपाट समेत करीब पांच मामलों में भगोड़ा घोषित किए गए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को भी पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उसके गांव गई थी, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से भाग निकला था। आरोपी के खिलाफ करीब 17 मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से कई अन्य मामले भी सुलझे हैं।
बृहस्पतिवार देर शाम सोहना की क्राइम यूनिट के प्रभारी अरुण कुमार की टीम ने सोहना की चुंगी नंबर-एक के पास नाकेबंदी करके गांव कादरपुर निवासी संजू को गिरफ्तार कर लिया। वह 22 अगस्त 2016 को थाना बादशाहपुर में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था।
डीसीपी सुमित कुमार ने बताया कि 13 फरवरी को सोहना क्राइम यूनिट की टीम उसे पकड़ने के लिए गांव कादरपुर गई थी। उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो यह अपने सहयोगियों की सहायता से पुलिस कस्टडी से निकल भागने में कामयाब हो गया था।
इस दौरान पुलिस ने फायर भी किए थे। उसे छुड़ाकर भगाने के मामले में पुलिस ने करीब 20 लोगों पर केस दर्ज किया था, जिनमें से भीमसैन, पवन व एक अन्य को गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपी संजू पर चोरी, स्नेचिंग, लूट व हत्या के प्रयास आदि के करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें से कुछ मामलों में यह पहले गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पांच मामलों में अभी भी अदालत की ओर से भगोड़ा घोषित था।।
आरोपी के खिलाफ थाना सोहना, सदर, भोंडसी, बादशाहपुर, सेक्टर-56 में मामले दर्ज हैं। आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। जिससे कई अन्य मामले भी सुलझने के आसार हैं।