फेस-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत पर्थला स्थित पेट्रोल पंप के पास चार बदमाशों ने कार सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण कर लिया और उसे खुर्जा में फेंककर कार, लैपटॉप और नगदी लूटकर फरार हो गए। खुर्जा पुलिस की मदद से पीड़ित इंजीनियर क्रासिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद स्थित घर पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से आगरा निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर राहुल वर्मा (35) क्रासिंग रिपब्लिक में रहते हैं। राहुल एनएसईजेड स्थित आईटी कंपनी में काम करते हैं।
बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 12 बजे वह डस्टर कार से ऑफिस से घर लौट रहे थे। पर्थला की ओर मुड़ने के बाद पीछे से आ रहे कार सवार चार बदमाशों ने पर्थला पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
कार से चार बदमाश उतरे और उन्होंने पिस्टल के बल पर राहुल को बंधक बना लिया। बदमाश डस्टर में बैठ गए और एक ने ड्राइविंग सीट संभाल ली। बाकी तीनों ने राहुल को गन प्वाइंट पर ले लिया।
बदमाश राहुल को सिकंदराबाद ले गए। यहां उन्होंने राहुल के एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया। इसके बाद बदमाशों ने उसे करीब पौने चार बजे खुर्जा देहात में फेंक दिया और डस्टर, नगदी व लैपटॉप लूटकर फरार हो गए।
राहुल ने किसी तरह खुर्जा पुलिस से मदद मांगी और घर पहुंचा। इसके बाद उसने फेस-3 थाने में लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी फेस-3 राजेश द्विवेदी का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बदमाशों के निशाने पर सर्किल-2
सर्किल-2 के अधीन आने वाले फेस-3, सेक्टर-58 और सेक्टर-24 थाने हैं। हाल फिलहाल में चार दिनों के भीतर शहर में सभी वारदात सर्किल-2 इलाके में ही हुई हैं।
चाहे वह सेक्टर-58 इलाके में एटीएस के सब इंस्पेक्टर पर जानलेवा हमला हो या सेक्टर-24 इलाके में सरेआम सॉफ्टवेयर इंजीनियर सचिन सांगवान की हत्या का मामला। एसपी सिटी भी मानते हैं कि कुछ दिनों से सर्किल-2 में ताबड़तोड़ वारदात हुई हैं और इनमें से एक का भी खुलासा नहीं हो सका।