गुड़गांव के दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम डंपर और कैंटर की भिड़ंत हो गई। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
उसकी पहचान फैजाबाद (यूपी) निवासी विनय कुमार (31) पुत्र रामचंद्र यादव के रूप में हुई। वह धारूहेड़ा की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का कैंटर दिल्ली में माल खाली कर वापस आ रहा था।
राजीव चौक फ्लाईओवर व होंडा चौक के बीच में सामने से जा रहे डंपर को ओवरटेक करने के दौरान दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई।
पीछे से उसी कंपनी के दूसरे कैंटर के चालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उधर, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने खेड़कीदौला टोल से निकलने वाले वाहनों की सीसीटीवी फुटेज मांगी है।