रेड लाइट पर ट्रैफिक नियंत्रित कर रहे दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सिपाही को नशे में धुत ऑटो चालकों ने जमकर पीटा और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। पीड़ित दिलीप का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने हाथ देकर ट्रैफिक को रुकने का इशारा किया था।
एक ऑटो चालक को तो अन्य पुलिसकर्मियों ने काबू कर लिया, जबकि उसके साथ मारपीट कर रहे अन्य मौके से फरार हो गए। आरोपी की पहचान शकील के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल दिलीप शाहदरा ट्रैफिक सर्किल में तैनात है।
शनिवार शाम के समय उसकी ड्यूटी शास्त्री पार्क रेड लाइट पर थी। शाम करीब 8.00 बजे शास्त्री पार्क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। दिलीप ने एक ओर का ट्रैफिक रोककर दूसरी ओर चला दिया। इस बात पर सामने की ओर से आ रहे एक ऑटो चालक ने दिलीप को बुरा भला कहना शुरू कर दिया।
उसमें बैठे तीन-चार लड़के उतर आए। गाली-गलौच करने के बाद उन्होंने दिलीप को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट की आवाज सुनकर आए अन्य पुलिसकर्मियों ने ऑटो चालक शकील को काबू कर लिया। वह शराब के नशे में था। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ बैठे अन्य लड़के भी ऑटो चालक थे। पुलिस उससे पूछताछ कर बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।