नशे में धुत स्कॉर्पियो सवार युवकों से टोल बैरियर उठाने में देरी होने के चलते गोली चलाने का मामला सामने आया है। गोली चलते ही यहां मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। इस घटना में टोल कर्मचारी बाल-बाल बच गया। इसकी सूचना टोल प्रबंधन और पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात करीब दो बजे टोल कर्मी श्याम बूथ नंबर-28 पर मौजूद था। इस दौरान एक स्कॉर्पियो आई, जिसमें दो लोग बैठे हुए थे, जो नशे में धुत थे। स्कॉर्पियो चालक के पास टैग था। टैग में गाड़ी नंबर फीड नहीं था, जिस पर बूथ कर्मी ने उन्हें एक मिनट रुकने को कहा ताकि वह टैग में गाड़ी नंबर की एंट्री कर दे। यह बात स्कॉर्पियो सवार को नागवार गुजरी और उसने हंगामा करते हुए गाड़ी को आगे बढ़ा दिया और बंद बूम के पास गाड़ी रोक दी।
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
गाड़ी में से एक युवक नीचे उतर आया और बूम जल्दी उठाने को लेकर हंगामा करने लगा। हंगामा होते देख यहां कर्मचारी बूथ से बाहर निकल आया। इस पर नीचे उतरे युवक ने उस पर गोली चला दी।
इस दौरान कर्मी नीचे बैठ गया, जिससे गोली उसके ऊपर से निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। इस दौरान आरोपी मौके से भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर बूथ में बैठे अन्य कर्मी भी बाहर निकल आए और इसकी सूचना टोल प्रबंधन व पुलिस को दी।
पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। खेड़की दौला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशवंत ने बताया कि शिकायत में गाड़ी नंबर दिया गया है। गाड़ी गांव नखडोला निवासी नकुल यादव के नाम पर रजिस्टर्ड है और गाड़ी में टैग भी इसी नाम पर जारी था।
मामले की जांच की जा रही है। यहां सीसीटीवी कैमरे तो लगे थे, लेकिन गाड़ी आगे बढ़ाने के चलते यह वारदात कैमरे में पूरी तरह से कैद नहीं हो पाई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।