संदीप गाड़ौली एनकाउंटर मामले में उसकी प्रेमिका दिव्या पाहुजा की गिरफ्तारी मुंबई के लिए पहेली बनी हुई है। दिव्या ही एक ऐसी चश्मदीद गवाह है जोकि एनकाउंटर के दौरान मौके पर मौजूद थी।
उसकी गिरफ्तारी से एनकाउंटर के झूठ या सच से पर्दा उठाने में मुंबई पुलिस को सफलता मिल सकती है। लेकिन उसके लापता हो जाने से मुंबई एसआईटी पुलिस की बेचैनी और बढ़ गई है।
इस मामले में पांच पुलिसकर्मियों के अलावा दिव्या व उसकी मां व एक गैंगेस्टर के भाई पर मामला दर्ज है। ऐसे में इस कड़ी को सुलझाने में सबसे महत्वपूर्ण दिव्या पाहूजा की गिरफ्तारी को माना जा रहा है।
दिव्या गुड़गांव से गायब है
दिव्या गुड़गांव से गायब है। वह कहां है यह किसी को नहीं पता है। दिव्या पर एनकाउंटर करने वाली टीम का साथ देने का आरोप है। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि कि दिव्या को कहीं जानबूझकर ही तो शहर से बाहर नहीं भेजा गया है।
मुंबई एसआईटी टीम को दिव्या की तलाश है। टीम उसके गुड़गांव स्थित आवास पर भी उसकी तलाश करके जा चुकी है। हालांकि दिव्या भले ही शहर से गायब हो गई हो, लेकिन अभी भी उसका फेसबुक अकाउंट अपडेट हो रहा है।
यदि दिव्या उसे अपडेट कर रही है तो ऐसे में मुंबई पुलिस को उसके बारे में जानकारी आसानी से मिल सकती है, लेकिन यदि मुंबई पुलिस को गुमराह करने के लिए कोई और ही उसके फेसबुक को अपडेट कर रहा है तो पुलिस धोखा भी खा सकती है।
बृहस्पतिवार को दिव्या का जन्मदिन था
- फोटो : अमर उजाला
बता दें कि बृहस्पतिवार को दिव्या का जन्मदिन था। एफबी पर उसे जन्मदिन की ढेर सारी बधाईयां भी मिलीं, जिसके जवाब में उसने सभी को थैंक्स भी कहा है।
इससे पहले उसने 27 मई को दिल्ली के साकेत में अपनी बहन के साथ ली गई सेल्फी पोस्ट की थी। हालांकि मुंबई एसआईटी की टीम दिव्या की खोजबीन में जुटी हुई है।
वहीं, मुंबई एसआईटी द्वारा गिरफ्तार किए गए गुड़गांव पुलिस के एसआई प्रद्युम्न को रिमांड पर लेकर एनकाउंटर मामले में पूछताछ जारी है। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश कर फिर से रिमांड मांगे जाने की संभावना है।