गांव धमाला में बृहस्पतिवार को बच्चों में रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को मांडीखेड़ा और फिरोजपुर झिरका के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव धमाला निवासी ओमप्रकाश और मंगीराम के बच्चे बृहस्पतिवार को होली खेल रहे थे। इस दौरान रंग डालने को लेकर बच्चों में कहासुनी हो गई। बच्चों की लड़ाई में उनके परिजन भी कूद पड़े । दोनों ओर से चले लाठी डंडे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल लक्ष्मण दास, ओमप्रकाश और रघुबीर सिंह सहित नत्थीराम व सतबीर तथा मंगीराम का इलाज मांड़ीखेड़ा व फिरोजपुर झिरका के अस्पताल में चल रहा है।
इनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। इस संदर्भ में स्थानीय सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत उनके पास आ गई है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।