शाहदरा जिले के दिलशाद गार्डन इलाके में मंगलवार देर रात अचानक गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई। दो गुटों में जमकर फायरिंग हुई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचते ही बदमाश अपनी तीन कारें छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने घटना स्थल से एक फॉरच्यूर, स्विफ्ट और अल्टो कार बरामद की है। तीनों गाड़ियों के शीशे टूटे हुए हैं। वहीं फॉरच्यूर पर गोली का निशान भी मिला है। पुलिस ने घटना स्थल से चार खोखे व एक विदेशी पिस्टल भी बरामद की है। जीटीबी एंक्लेव थाना पुलिस ने तीनों कारों को कब्जे में लेकर उनके मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि घटना स्थल के पास में कुछ जगह खून भी पड़ा मिला है। पुलिस आशंका जता रही है कि हमले में कोई एक शख्स घायल हुआ है। पुलिस तीनों कारों के मालिकों की तलाश करने का प्रयास कर रही है। तीनों ही कारें दिल्ली नंबर पर रजिस्टर्ड हैं। पुलिस को घटना स्थल का एक वीडियो भी मिला है, जिसमें ताबड़तोड़ गोलियां चलने की आवाज सुनाई दे रही है। पुलिस उसके आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।