सीलमपुर इलाके में रविवार सुबह तेज रफ्तार आई-10 कार ने स्कूटर सवार दिल्ली पुलिस के हवलदार को टक्कर मार दी। हादसे में हवलदार बुरी तरह जख्मी हो गया।
गंभीर हालत में उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक शुभम को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार को ही जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जहां से वह उसे बागपत स्थित पैतृक गांव ले गए। पुलिस के मुताबिक, गांव सिलाना, बागपत निवासी नरेशपाल (53) अपने परिवार के साथ बी-186, सूर्या नगर, गाजियाबाद में रहता था।
स्पेशल ब्रांच में तैनात था नरेशपाल
नरेशपाल
- फोटो : अमर उजाला
परिवार में पत्नी रीता, बेटा सिद्धार्थ और एक बेटी है। 1982 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ नरेशपाल फिलहाल आसफ अली रोड स्थित पुलिस भवन, स्पेशल ब्रांच में तैनात था।
रविवार सुबह ड्यूटी जाने के लिए नरेश घर से आठ बजे निकला था। करीब 8.30 बजे वह सीलमपुर टी-प्वाइंट पर पहुंचा तो उसे तेज रफ्तार आई-10 कार ने टक्कर मार दी। हादसे में नरेश बुरी तरह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक शुभम को गिरफ्तार कर लिया है।
शुभम डीयू से बीकॉम कर रहा है। हादसे के समय वह दोस्तों के साथ कार से घूमने के लिए निकला था। पुलिस ने इसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।