दिल्ली के वसंत विहार थाना पुलिस ने दिल्ली में होने वाले एमसीडी चुनावों के लिए लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने अवैध शराब के साथ नशे के दो सौदागर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अवैध शराब को हरियाणा से दिल्ली ला रहे थे। शराब सप्लाई की सप्लाई हुंडई एलान्त्रा में की जाती थी।
दक्षिण जिले केअतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल के अनुसार एमसीडी चुनावों को देखते हुए पड़ोसी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए पिकेट लगाकर चेकिंग की जाती है।
वसंत विहार थाने में तैनात एसआई राकेश यादव को सूचना मिली थी कि हुंडई कार से अवैध शराब की तस्करी हो रही है। भारी मात्रा में अवैध शराब को लेकर कार आउटर रिंग रोड आरआर फ्लाईओवर से गुजरेगी। सूचना के बाद एसआई अमित सोलंकी और राकेश यादव की विशेष टीम बनाई गई।
इस टीम ने पिकेट लगाकर अवैध शराब लेकर जा रही कार को पकड़ लिया। कार से अवैध शराब की 55 कार्टन बरामद किए गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार चला रहे ड्राइवर की पहचान रघुवीर नगर निवासी ललित (22) व कार में बैठे दूसरे शराब तस्कर की पहचान करमवीर उर्फ करण (28) के रूप में हुई।
पूछताछ में पता लगा कि दोनों दोस्त हैं। ये हरियाणा से अवैध शराब को रूट बदल-बदलकर लाते थे। करमवीर के खिलाफ एक्साइज एक्ट के आठ व ललित के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। उसने कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच देकर ललिक को अवैध शराब की तस्करी में शामिल किया था।