दिल्ली के विजय विहार में एक युवक ने तलाक लेने की बात कहने पर पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गया। महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के हाथ, गले और अन्य जगहों पर चाकू लगे हैं। शुरूआती जांच में पता चला कि युवक ने चार साल पहले प्रेम विवाह किया था।
नशे का आदी युवक महिला के साथ अकसर मारपीट करता था। जिसकी वजह से महिला उससे तलाक लेने का फैसला कर लिया था। पुलिस महिला के बयान पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आई ब्लॉक विजय विहार में एक महिला पर उसके पति ने चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आस पड़ोस वालों से महिला को पास के अस्पताल में भर्ती करा चुके थे। मकान के कमरे में काफी खून पड़ा था। पुलिस मौका मुआयना करने के बाद अस्पताल पहुंची। जहां नाजिया नाम की महिला का इलाज चल रहा था। उसके गले, हाथ व शरीर के अन्य जगहों पर चाकू के जख्म थे।
नाजिया ने बताया पति ने क्यों किया हमला
नाजिया ने बताया कि उसपर उसके पति शुभम ने हमला किया है। उसने बताया कि उसके माता पिता का देहांत हो चुका है। चार साल पहले उसने शुभम से प्रेम विवाह किया। बाद में शुभम नशा करने लगा। नशा करने के बाद वह अकसर उसकी पिटाई करने लगा। इससे परेशान होकर उसने शुभम से तलाक लेने के फैसला कर लिया।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद शुभम शुक्रवार को अपने भाई विशाल के साथ बाइक से आया। वह कमरे में ले जाकर उससे अलग नहीं होने की बात करने लगा। नाजिया के मना करने पर आरोपी ने उसपर चाकू से हमला कर फरार हो गया। नाजिया ने अपने पति से जान का खतरा होने की बात कहकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।