रक्षा मंत्रालय में तैनात अफसर के बेटे से रैगिंग और कुकर्म के मामले में पुलिस पीड़ित छात्र की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
इसी बीच आरोपी पक्ष ने पीड़ित छात्र और उसके पिता का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। वहीं, पीड़ित पक्ष नेे भी नार्को टेस्ट करानेे के लिए मंजूरी दी है। पुलिस आवश्यकता पड़ने पर नार्को टेस्ट कराने की बात कह रही है।
शहर के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कालेज के छात्र से रैगिंग और कुकर्म के संगीन मामले की जांच जारी है। पुलिस पीड़ित छात्र के चार स्तर पर मेडिकल परीक्षण करा रही है।
तीन परीक्षण पूरे हो चुके हैं और चौथा परीक्षण सोमवार को होगा। इसी बीच आरोपी पक्ष के लोगों ने एसएसपी कार्यालय पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आरोपी पक्ष ने एफआईआर में लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। इसके अलावा भी आरोपी पक्ष नेे कई सवाल उठाते हुए पीड़ित छात्र व उसके पिता का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है।
हर टेस्ट और जांच को तैयार है मेरा परिवार
पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद से वह लगातार मेडिकल परीक्षण और जांच करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरा पूरा परिवार नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार है। लेकिन आरोपियों का भी नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। वह पुलिस से पहले ही हर तरह की जांच कराने की बात कह चुके हैं।
कराया जा रहा है चार स्तरीय परीक्षण
पीड़ित छात्र का चार स्तरीय मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। सभी मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद अगर नार्को टेस्ट करानेे की आवश्यकता पड़ती है, तो वह भी कराया जाएगा। - अभिषेक यादव, एसपी देहात