सलैमपुर गुर्जर गांव स्थित घर से बृहस्पतिवार शाम को निकली 12वीं की छात्रा पिंकी का शव दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजनों का कहना है कि घर से नाराज होकर छात्रा निकली थी। वहीं ग्रेटर नोएडा कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र भाटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण और दुष्कर्म आदि के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
बृहस्पतिवार शाम चीरसी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली। युवती के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजन ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम भैंस के चारा काटने से मना करने पर घरवालों ने उसे डांट दिया था।
इससे नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। भाटी ने बताया कि शव और कपड़े जिस हालात में मिले हैं, उससे हत्या की आशंका जताई जा रही है, साथ ही दुष्कर्म की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि परिजन ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।