गुड़गांव के राजेंदा पार्क थाना क्षेत्र के धर्मपुर कालोनी में खाली प्लाट में युवती का शव मिलने से शनिवार सुबह सनसनी फैल गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए के लिए शव को खाली प्लॉट में फेंका गया है। युवती के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद होगा।
पुलिस के अनुसार सुबह कंट्रोल रूम से गांव धर्मपुर में स्थित एक खाली मैदान में एक युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। पुलिस शव की पहचान करने का प्रयास करने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि मृतका के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
जिसे देखने से लगता है कि युवती की हत्या करने के बाद उसके शव को यहां पर लाकर फेंका गया है। पुलिस ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष है और उसकी पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
डीसीपी वेस्ट संगीता कालिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थित साफ हो पाएगी। जिसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस सबसे पहले शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।