लोनी इलाके से गायब युवक का शव रविवार शाम हर्ष विहार के एक खाली गोदाम से रहस्मय हालात में बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त भोला (22) के रूप में हुई है। भोला शुक्रवार शाम से अपने घर से गायब था। परिवार उसकी तलाश कर रहा था।
इस बीच हर्ष विहार के मंडोली से उसका शव बरामद हुआ। पुलिस आशंका जता रही है कि ऊंचाई से गिरने की वजह से उसकी मौत हुई है। वहीं परिवार उसकी मौत पर हत्या का शक जता रही है। भोला गोदाम में कैसे पहुंचा, परिवार इसकी जांच कराने की बात कर रहा है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक भोला अपने परिवार के साथ राहुल गार्डन, लोनी, गाजियाबाद में रहता था। इसके परिवार में पिता रोशन लाल, मां किरन देवी, तीन भाई व दो बहन हैं। भोला प्राइवेट नौकरी करता था।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम को सब्जी लेने की बात कर भोला घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश करते रहे। इस बीच रविवार दिन में पुलिस को सूचना मिली कि मंडोली औद्योगिक क्षेत्र के एक बंद पड़े गोदाम में युवक का शव पड़ा हुआ है।
पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा गया। बाद में युवक की पहचान हुई। पुलिस का कहना है कि सीमेंट की चादर पर चढ़ने के बाद करीब 20 फुट ऊंची छत से भोला नीचे गिरा है।
अब वह गोदाम में क्या करने आया था, इसका पता नहीं चल सका है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।