फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेड़ पर लटका मिला दलित युवक का शव

Sun, 31 Aug 2014 08:23 PM IST
अमर उजाला, मोदीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
शनिवार सुबह कस्बा फरीदनगर के जंगल में दो दिन से लापता दलित युवक का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, जबकि परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, शव मिलने से करीब 15 घंटे पूर्व युवक की मौत हुई है। पहचान मिटाने की नीयत से उसके चेहरे और शरीर को तेजाब या कोई केमिकल डालकर जलाने का प्रयास किया गया है।

शव फूला हुआ है और शरीर पर मोटे-मोटे फफोले पड़े हैं। इससे पुलिस की थ्योरी कमजोर पड़ रही है। सीओ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है।
विज्ञापन


कस्बा फरीदनगर के मोहल्ला राजपूताना निवासी नरेश जाटव का बेटा सत्य जाटव (20) मोदीनगर स्थित गन्ना विकास समिति में पल्लेदारी करता था। परिजनों के मुताबिक वह दो दिन से गायब था।

शनिवार सुबह सात बजे कुछ लोगों ने जंगल में नीम के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। मृतक का पूरा शरीर नीला पड़ा हुआ था और उसके चेहरे व पूरे शरीर पर कोई तेजाब या कोई केमिकल डाला गया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

युवक के गले में तहमद का फंदा लगा था। सूचना पर सीओ सोमवीर सिंह व थाना प्रभारी नजीर अहमद खान मौके पर पहुंचे। बाद में नरेश जाटव ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त सत्य के रूप में की। इसी दौरान पुलिस ने पेड़ से शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो परिजनों ने इसका विरोध किया।

मगर पुलिस के समझाने पर वे मान गए। परिजनों का कहना था कि शव के तलुओं पर चोट के गहरे जख्म थे और शव को स्पर्श करने पर लोगों के हाथ में उसकी खाल तक आ गई। सत्य दो दिन से लापता था।

परिजनों ने आशंका जताई है कि अगवा कर उसकी हत्या करके शव आसपास में खेतों में छुपा दिया गया और फिर मौका मिलने पर देर रात शव को पेड़ से लटका दिया होगा, ताकि आत्महत्या लगे।

उधर, सीओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया डिप्रेशन के चलते युवक द्वारा आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है। वहीं, मृतक के भाई जितेंद्र ने जंगल में पेड़ से भाई का शव लटका होने की तहरीर थाना भोजपुर में दी है। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
विज्ञापन


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें