दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में बैंकॉक जाने से इंकार करने पर एक मॉडल को डी-कंपनी द्वारा धमकाने का मामला सामने आया है। घटना से बुरी तरह डरी हुई मॉडल ने मुखर्जी नगर थाने में शिकायत दी है। खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाने में पहुंच गए।
पीड़िता से पूछताछ के बाद फौरन मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का कहना है कि बैंकॉक न जाने पर उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस विदेशी नंबर से आए कॉल की पड़ताल कर हकीकत का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पीड़िता ने अशोक विहार निवासी एक महिला पर संदेह जताया है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से कानपुर की रहने वाली 21 साल की पीड़िता मुखर्जी नगर इलाके में किराए के फ्लैट में रहती है। वह दिल्ली समेत पूरे भारत में मॉडलिंग के कार्यक्रमों में भाग लेती है। कुछ माह पूर्व पीड़िता की मुलाकात अशोक विहार निवासी ऋतु नामक महिला से हुई थी।