एनडीएमसी में असिस्टेंट लीगल एडवाइजर एमएम खान के परिजनों को सांत्वना और सम्मान राशि के तौर पर दिल्ली सरकार एक करोड़ रुपये की राशि देगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खान के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात करके सांत्वना दी और सम्मान राशि देने की घोषणा की।
इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये देने की घोषणा की है। परिजनों से मुलाकात के बाद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, उन्होंने एनडीएमसी के ईमानदार अधिकारी के परिजनों से उनके घर मुलाकात की।
एमएम खान की हत्या इसलिए कर दी गई क्योंकि उन्होंने अवैध मांग मानने से इनकार कर दिया। हालांकि उस परिवार के नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती। दिल्ली सरकार उनके परिवार को सम्मान स्वरूप एक करोड़ रुपये देगी।
मालूम हो कि एमएम खान की सोमवार शाम को दफ्तर से घर लौटते समय घर के नजदीक बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके आरोप में कनॉट होटल मालिक समेत सात लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि खान पर बतौर एस्टेट ऑफिसर कनॉट होटल पर जुर्माना राशि कम तय करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था जिसे वे नहीं मान रहे थे।
होटल मालिक समेत तीन आरोपियों को भेजा जेल
होटल मालिक ने कराई हत्या
- फोटो : अमर उजाला
एनडीएमसी असिस्टेंट लीगल एडवाइजर एमएम खान हत्या मामले में आरोपी होटल मालिक सहित तीन आरोपियों को कोर्ट ने दो जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने दो दिन की रिमांड के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था।
साकेत जिला अदालत की महानगर दंडाधिकारी शीतल चौधरी ने होटल कनॉट के मालिक रमेश कक्कड़, आमिर अलवी, अनवर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अदालत पहले ही इस मामले में चार रोपियों कक्कड़ के पीएसओ रामफूल, इस्राइल व उसके चचेरे भाई सलीम खान और बिलाल को बृहस्पतिवार को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक होटल कनॉट के मालिक रमेश कक्कड़ से सुपारी लेकर अनवर व बिलाल ने अधिवक्ता एमएम खान की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामला होटल की लीज को लेकर विवाद से जुड़ा है। होटल मालिक ने उसके पक्ष में फैसला देने के लिए अधिवक्ता खान को करोड़ों रुपये की घूस की पेशकश की थी जिसे खान ने ठुकरा दिया था। इसके बाद उन पर जानलेवा हमला हुआ जिसमें उनकी मौत हो गई।