चावला कॉलोनी निवासी ज्योति सिंघला से साइबर ठग ने फोन कर खाते और डेबिट कार्ड की जानकारी ली और उनके खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ज्योति सिंघला के मुताबिक बुधवार को उनको किसी ने फोन किया। कॉल करने वाले ने खुद का परिचय अरुण कुमार मिश्रा हेड मैनेजर आरबीआई के रूप में दिया। उसने ज्योति से कहा कि यह कॉल उनके डेबिट कार्ड का रिन्यूअल करने के लिए की गई है।
इसके बाद उसने महिला से उनका आधार नंबर, डेबिट कार्ड का 16 अंको का नंबर, सीवीवी नंबर और ओटीपी पूछ लिया। फोन कटने के कुछ देर बाद ही उनके खाते से रुपये निकलने के मैसेज आने शुरू हो गए।
उनके खाते से 75 हजार रुपये निकल गए। एसएचओ मुजेसर थाना इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।