क्रॉसिंग्स रिपब्लिक के पंचशील वेलिंगटन टावर में 10वीं मंजिल से गिरकर एक बच्ची की मौत हो गई। वह कुर्सी पर चढ़कर बालकनी से झांक रही थी। इसी दौरान बैलेंस बिगड़ने पर वह नीचे आ गिरी। परिवार में कोहराम मचा है।
एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि घटना बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। मृतका वसुधा (10) इंदिरापुरम के सेंट फ्रांसिस स्कूल में पांचवीं क्लास में पढ़ती थी।
वह परिवार के साथ क्रॉसिंग्स रिपब्लिक की पंचशील वेलिंगटन टावर में रहती थी। उसके पिता दिनेश शर्मा नोएडा की एक निजी कंपनी में जॉब करते हैं।
एसओ ने बताया कि हादसे केदौरान वसुधा की मां किचन में थी। पिता ड्यूटी पर गए थे। वसुधा कुर्सी पर चढ़कर बालकनी से झांक रही थी। बैलेंस बिगड़ने पर वह नीचे आ गिरी।
यह देखकर सोसायटी में हड़कंप मच गया। उसे कोलंबिया एशिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर विजयनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। बता दें कि क्रॉसिंग्स रिपब्लिक में इससे पहले भी बिल्डिंग से गिरकर कई लोगों की मौत हो चुकी है।