महाराष्ट्र के बैंकों से करीब पांच करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक शातिर ठग को दबोचा है। आरोपी की पहचान नवी मुंबई निवासी शैलेश हरेंद्र सिन्हा उर्फ पवन सक्सेना (43) के रूप में हुई है।
मुंबई पुलिस के कहने पर अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए शैलेश को दिल्ली के बक्करवाला से दबोचा है। पुलिस की माने तो शैलेश पटना यूनिवर्सिटी से एमबीए किए हुए है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड बोर्ड महाराष्ट्र ने गोखले रोड, दादर, मुंबई स्थित कॉरपोरेशन बैंक में कर्मचारियों के खाते से पीएफ काटकर बैंक में जमा करवाया गया था।
इसी शाखा में शैलेश व उसके दो साथ अमित पटेल और समीर कपाडिया ने अपनी एक फर्जी कंपनी के नाम से खाता खोल लिया। बाद में सिक्योरिटी गार्ड बोर्ड महाराष्ट्र के फर्जी पत्र पर पीएफ के खाते से दो करोड़ का लोन प्राप्त कर लिया।