प्रेमिका के उकसाने पर प्रेमी ने किसान की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक किसान ने कुछ दिन पहले दोनों को प्रेम प्रसंग करते देख युवती के पिता से इस बात की शिकायत कर दी थी। बदनामी होता देख युवती ने प्रेमी संग मिलकर उससे बदला लेने की ठानी शुक्रवार रात को प्रेमी ने किसाने की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने किसान के बेटे की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात गांव मुरादगढ़ी का किसान जगत सिंह अपने घर पर खाना खा रहा था।
तभी गांव के सोनू पुत्र विकल ने किसी काम के बहाने उसे घर से बाहर बुलाया। घर के बाहर पहले से ही योगेश पुत्र महेश खड़ा था। बाहर निकलते ही आरोपी ने जगत सिंह पर कई राउंड गोली चलाई और फरार हो गया।
परिजनों ने घायल को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली इंस्पेक्टर सुनील कुमार त्यागी ने बताया कि जगत के बेटे राहुल की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
बदला लेने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी योगेश का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले जगत सिंह ने दोनो को जंगल में देख लिया था। इसकी शिकायत जगत ने युवती के पिता से कर दी।
परिजनों ने फटकार के बाद युवती ने योगेश को जानकारी दी। बदनामी होता देख दोनों ने जगत को सबक सिखाने की ठानी। इसके बाद से ही आरोपी जगत से बदला लेने की फिराक में था। शुक्रवार रात मौका देखकर वारदात को अंजाम दे दिया।