तिबड़ा रोड स्थित शिवमंदिर वाली गली में सोमवार को दिनदहाड़े दो बाइकों पर सवार पांच लुटेरे एके ट्रेडर्स कंपनी के कैशियर को गोली मारकर करीब 12 लाख कैश लूटकर ले गए। कैशियर के पैर में गोली लगी है।
वह कंपनी की कार में कैश जमा करने बैंक जा रहा था। बदमाशों ने कालोनी में भी ताबड़तोड़ फायरिंग की। विरोध में लोगों ने पथराव किया तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी।
गली के बाहर ज्वैलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में लुटेरों की तस्वीर कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के जरिए कंपनी के 20 नौकरों से पूछताछ कर लुटेरों का सुराग तलाश रही है।
सीओ राजेश सिंह ने बताया कि उमेश गुप्ता आईटीसी (सिगरेट, आटा, साबुन अन्य घरेलू सामान बनाने वाली) कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर हैं, घर में ही उन्होंने ऑफिस बना रखा है।
सुबह 10:45 बजे कंपनी का कैशियर गौरव निवासी कृष्णाकुंज तिबड़ा रोड कंपनी की कार में करीब 12 लाख का कैश बैंक में जमा करने जा रहा था। कार हनुमानपुरी कॉलोनी निवासी सतेंद्र चला रहा था।
ऑफिस से चंद कदमों की दूरी पर हथियारों से लैस पांच बदमाशों ने कार को घेर लिया। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर कैशियर को गन प्वाइंट पर लिया और नोटों से भरा बैग छीनकर भागने लगे।
कैशियर ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों ने कैशियर पर गोली चला दी। गोली गौरव के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
डिस्ट्रीब्यूटर के पिता रामकुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक बाइक पर तीन और दूसरी पर दो बदमाश थे। बाइक चला रहे बदमाश हेलमेट पहने थे, बाकी बिना हेलमेट थे।
बाइक सवार बदमाशों ने 18 राउंड गोलियां चलाईं
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लूट के बाद भागते वक्त बदमाशों ने करीब 18 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। बदमाशों को कालोनी के पवन ने पकड़ने की कोशिश की, मगर बदमाशों के गोली मारने की धमकी देने पर पवन पीछे हट गए।
लुटेरों पर लोगों ने निर्माणाधीन मकान से ईंटें भी फेंकी, मगर बदमाशों को ईंटें नहीं लगीं। बदमाश भागते समय लोगों को धमकी देते रहे। इस दौरान आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया।